निओमोशन व्हीलचेयर: क्या खराब क्या अच्छा

banner image for viklangta dot com

मैंने दो महीने पहले निओमोशन की “निओ-फ़्लाई” व्हीलचेयर ली है। यह व्हीलचेयर निओमोशन द्वारा बनाये जाने वाले “निओबोल्ट” के साथ प्रयोग की जाती है — लेकिन मैंने देखा कि कई लोग केवल इस व्हीलचेयर को भी अलग से उपयोग करते हैं। देखने में यह व्हीलचेयर काफ़ी अच्छी लगती है। मुझे अपनी वर्तमान व्हीलचेयर में कुछ छोटी-छोटी कमियाँ दिख रही थीं – इसलिये मैंने नवम्बर 2024 में निओ-फ़्लाई व्हीलचेयर को खरीद लिया। व्हीलचेयर समय पर मेरे घर डिलीवर हो गई। जब मैंने इस व्हीलचेयर का प्रयोग किया तो कई ख़राब बातें और कुछ अच्छी बातें सामने आईं। आज इसी जानकारी को आपसे साझा कर रहा हूँ।

निओमोशन व्हीलचेयर में जो अच्छा नहीं है

इस व्हीलचेयर में अनेक ख़ामियाँ हैं। कई समस्याएँ केवल इसलिये हैं क्योंकि यह व्हीलचेयर निओबोल्ट के साथ प्रयोग करने के लिये डिज़ाइन जी गई है:

  • निओमोशन व्हीलचेयर बहुत भारी है — इसे कार में रखना और उतारना एक ख़ासा मुश्किल काम है। मार्केट में अब मात्र 10 किलो वज़न की व्हीलचेयर भी उपलब्ध हैं, ऐसे में निओमोशन व्हीलचेयर काफ़ी भारी लगती है।
  • यह चेयर फ़ोल्ड नहीं होती है। कार इत्यादि में रखने के लिये इसके पहियें अलग करने पड़ते हैं। पहियें आसानी से अलग तो हो जाते हैं लेकिन फिर भी दो पहियों और व्हीलचेयर की भारी बॉडी को हैंडल करना मुश्किल काम है। यदि आप अक्सर कार (विशेषकर टैक्सी) से यात्रा करते हैं तो आपको ख़ासी परेशानी होगी।
  • इसके टायर हवा वाले हैं — यानि पंचर होने या हवा निकलने का ख़तरा हमेशा रहता है। टायर से हवा निकल जानी की स्थिति में यह काफ़ी मुश्किल से चलती है।
  • इसमें कोई बैक-पॉकेट नहीं दिया गया है — इसलिये आप कोई सामान या व्हीलचेयर के टूल्स नहीं रख सकते।
  • इसके हैंड-रेस्ट फ़िक्स नहीं होते। इस वजह हैंड-रेस्ट व्हीलचेयर उठाते समय अक्सर बाहर निकल आते हैं।
  • 50 हज़ार रुपये में मुझे यह बहुत महंगी लगती है। इतने पैसों में कम्पनी यदि स्टील की जगह एयरक्राफ़्ट-ग्रेड एल्यूमिनियम प्रयोग करती तो यह एक अच्छी चेयर बन सकती थी। लेकिन एयरक्राफ़्ट-ग्रेड एल्यूमिनियम वाली व्हीलचेयर की कीमत कम्पनी ने 1 लाख दस हज़ार रखी है।
  • निओमोशन की आफ़्टर-सेल्स सर्विस खराब है। मैंने नोट किया कि मेरी व्हीलचेयर के पहियों से हवा केवल हफ़्ते में अपने आप निकल जाती है। यदि मैं इस चेयर को प्रयोग न भी करूँ तो भी ऐसा ही होता है। मैंने जब यह बात निओमोशन के लोगों को बताई तो उनकी ओर से काफ़ी समय तक तो कोई उत्तर ही नहीं आया। ऐसा लगा कि व्हीलचेयर बेच देने के बाद उनका मेरी बातों में कोई इंटरेस्ट नहीं बचा था। टेक्निकल टीम का रवैया भी कुछ अच्छा नहीं था।
  • यह चेयर बनी ही निओबोल्ट के साथ प्रयोग किये जाने के लिये है। इसे अलग से लेने का कोई फ़ायदा नहीं है।

निओमोशन व्हीलचेयर में जो अच्छा है

  • निओमोशन व्हीलचेयर देखने में स्टाइलिश है। यह एक एक्टिव व्हीलचेयर है।
  • निओमोशन व्हीलचेयर एक कस्टमाइज़्ड व्हीलचेयर है। कम्पनी के लोग आपको वीडियो कॉल करके आपके शरीर का माप लेते हैं और उसी के अनुसार चेयर को सेट किया जाता है।
  • यह व्हीलचेयर ज़्यादा फ़िट अनुभव होती है।
  • क्योंकि यह रोड पर चलने के लिये बनी है इसलिये इसकी बनावट मज़बूत है
  • इस व्हीलचेयर के साथ मिलने वाला कुशन अच्छा है

फ़िलहाल मेरी निओ-फ़्लाई व्हीलचेयर यूँ ही रख है क्योंकि इसे कार में लाना-ले-जाना और प्रयोग करना मुश्किल साबित हो रहा है। अब सोच रहा हूँ कि निओबोल्ट लेकर इस व्हीलचेयर को किसी काम का बनाऊँ।

Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest
Inline Feedbacks
View all comments
0
आपकी टिप्पणी की प्रतीक्षा है!x
()
x