banner image for viklangta dot com

निम्न-दृष्टि: विकलांगता के रूप में आकलन और विकलांगता प्रमाण पत्र

दृष्टिहीनता या अंधता एक ऐसी स्थिति होती है जिसमें व्यक्ति कुछ भी नहीं देख पाता — लेकिन बहुत से लोग निम्न-दृष्टि (जिसे अल्प-दृष्टि या दृष्टिबाधिता भी कहा जाता है) से भी प्रभावित होते हैं। निम्न-दृष्टि (Low Vision) की स्थिति में व्यक्ति को सामान्य से बहुत कम दिखाई देता है और इसके कारण उसे अपने जीवन में अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। किसी व्यक्ति को निम्न-दृष्टि से प्रभावित तभी माना जाता है जब निम्नलिखित में से कोई भी शर्त पूरी होती हो:

1) बेहतर आँख में सर्वाधिक संभव सुधार करने के बाद भी विज़ुअल एक्यूइटी 6/18 से अधिक और 20/60 – 3/60 या 10/200 स्नेलन से कम न हो।
2) 40 डिग्री से कम से 10 डिग्री तक की विज़न फ़ील्ड परिसीमा

निम्न-दृष्टि के सबसे सामान्य कारणों में आयु-सम्बंधित माँसपेशीय कमज़ोरी, मधुमेह और ग्लुकोमा शामिल हैं। निम्न-दृष्टि विकलांगता आँख के कैंसर, एल्बिनिज़्म, दिमाग़ पर चोट या रेटिनाइटिस पिगमेंटोसा जैसे आनुवांशिक विकारों के कारण भी हो सकती है।

निम्न-दृष्टि का आकलन

निम्न-दृष्टि के लिये आकलन प्रक्रिया तभी की जाती है जब दृष्टि सुधार के लिये सभी संभव उपाय किये जा चुके हों। इन उपायों में दवाइयाँ, सर्जरी, चश्में/लैंस का प्रयोग आदि शामिल हैं।

निम्न-दृष्टि का आकलन बेस्ट करेक्टेड विज़ुअल एक्यूइटी (BCVA) के आधार पर किया जाता है।

low vision-blindness percentage chart

निम्न-दृष्टि विकलांगता

भारत के दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 में निम्न-दृष्टि का आकलन को एक विकलांगता के तौर पर सूचीबद्ध किया गया है। यदि किसी व्यक्ति को निम्न-दृष्टि के कारण बेंचमार्क विकलांगता हो तो वह सरकार से विकलांगजन को मिलने वाली सुविधाओं का लाभ उठा सकता है।

निम्न-दृष्टि के लिये विकलांगता प्रमाण पत्र

यदि आपको लगता है कि आप निम्न-दृष्टि से प्रभावित हैं और आप अपने लिये विकलांगता प्रमाण पत्र बनवाना चाहते हैं तो आपको अपने निकटवर्ती सरकारी अस्पताल में जाना चाहिये — वहाँ से आपको इस प्रक्रिया की पूरी जानकारी मिल जाएगी।

निम्न-दृष्टि के आकलन हेतु गठित मेडिकल बोर्ड आपका मुआयना करेगा और यह निर्णय लेगा कि आपको स्थायी प्रमाण पत्र मिलना चाहिये या अस्थायी। यदि बोर्ड को लगेगा कि निम्न-दृष्टि की स्थिति भविष्य में और अधिक बिगड़ सकती है तो हो सकता है कि आपको अस्थायी प्रमाण पत्र दिया जाये। प्रमाण पत्र में यह साफ़ तौर पर लिखा जाना चाहिये कि भविष्य में फिर से आकलन की आवश्यकता क्यों है और कितने समय बाद फिर से आकलन किया जाएगा। केराटोकोनस, विकासात्मक विकार, सर्जरी किये गये कंजिनाइटल केटारेक्ट, सर्जरी किये गये कन्जिनाइटल ग्लूकोमा जैसे कुछ केसों में भी निम्न-दृष्टि विकलांगता का अस्थायी प्रमाण पत्र दिया जा सकता है।

विकलांगता प्रमाण पत्र के लिये मेडिकल बोर्ड

निम्न-दृष्टि विकलांगता के लिये प्रमाण पत्र जारी करने हेतु मेडिकल बोर्ड में एक आँखो का विशेषज्ञ डॉक्टर होगा। प्रमाण पत्र को मेडिकल सुप्रीटेंडेंट, मुख्य चिकित्सा अधिकार, सिविल सर्जन या किसी समकक्ष अधिकारी द्वारा हस्ताक्षरित किया जाना चाहिये।

Subscribe
Notify of
guest

1 Comment
Oldest
Newest
Inline Feedbacks
View all comments
Deepu Kumar
Deepu Kumar
3 months ago

Good 👍👍👍👍👍

1
0
आपकी टिप्पणी की प्रतीक्षा है!x
()
x