banner image for viklangta dot com

डिस्लेक्सिया से प्रभावित विश्व के 10 प्रसिद्ध व्यक्ति

डिस्लेक्सिया एक ऐसी विकलांगता है जो मस्तिष्क के उस हिस्से को प्रभावित करती है जो भाषा की समझ से सम्बंधित है। डिस्लेक्सिया को आम बोलचाल की भाषा में ‘पढ़ने की अक्षमता’ भी कहा जाता हैं। डिस्लेक्सिया प्रभावित व्यक्ति का मस्तिष्क अक्षरों और उनसे जुड़ी ध्वनि (अर्थात अक्षरों के उच्चारण) का आपस में तालमेल नहीं कर पाता।

हालाँकि डिस्लेक्सिया से प्रभावित व्यक्ति का बौद्धिक स्तर किसी भी सामान्य व्यक्ति जैसा ही होता है लेकिन उनके लिए किसी चीज़ को पढ़ पाना बहुत मुश्किल हो जाता है क्योंकि वे अक्षरों और उनसे जुड़ी ध्वनि को एक दूसरे के साथ जोड़ कर समझ नहीं पाते।

अपनी इस अक्षमता के बावजूद दुनिया में बहुत अधिक संख्या में ऐसे लोग हैं जो एक सफल ज़िन्दगी जी रहे हैं। आइये आज आपको मिलवाते हैं विश्व के ऐसे ही 10 प्रसिद्ध लोगों से जिन्होंने डिस्लेक्सिया के बावजूद सफलता की सीढ़ियाँ चढ़ी।

मुहम्मद अली

हेविवेट बॉक्सिंग चैंपियन मुहम्मद अली को भला कौन नहीं जानता? 20वीं सदी के इस महान मुक्केबाज को इतिहास के सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाजों में से एक माना जाता है। उन्होंने विश्व के कितने ही मज़बूत प्रतिद्वंदियों के खिलाफ़ जीत हासिल की। लेकिन, बहुत कम लोग यह जानते हैं कि उन्हें पहली लड़ाई किसी मुक्केबाज के खिलाफ़ नहीं बल्कि डिस्लेक्सिया के खिलाफ़ लड़नी पड़ी थी। मुहम्मद अली के कई वक्तव्यों को आज भी प्रेरक वक्तव्यों की तरह बताया, सुनाया जाता है। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि इतनी गूढ़ बातें कहने वाला व्यक्ति कुछ भी बहुत मुश्किल से पढ़ पाता था।

जेनिफ़र एनिस्टन

जेनिफ़र एनिस्टन अमेरिका की एक जानी-मानी अभिनेत्री, निर्माता और व्यवसायी महिला हैं जिन्होंने डिस्लेक्सिया से प्रभावित होने के बावजूद ज़िन्दगी में सफलताओं के कीर्तिमान रचे। 20 वर्ष की आयु तक जेनिफर को यह मालूम ही नहीं था कि वे डिस्लेक्सिया से प्रभावित थीं। वे अपनी असमर्थता के कारण पढाई नहीं कर पाती थीं और इसलिये वे हमेशा अपनी कक्षा में मज़ाक का पात्र बनती रहीं। उन्हें कक्षा में एक जोकर की तरह देखा जाता था और इसीलिए उनकी पढाई का पूरा वक़्त तानों और त्रासदियों से भरा हुआ था। इस सब के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और समाज में अपना एक रुतबा गढ़ा।

व्हूपी गोल्डबर्ग

व्हूपी अमेरिका की एक प्रसिद्ध अभिनेत्री, लेखिका, हास्य-कलाकार और टेलीविज़न हस्ती हैं जिनके लाखों चाहने वाले हैं। इनका नाम उन सोलह कलाकारों में शामिल है जिन्होंने अकादमी पुरस्कार, एमी पुरस्कार, ग्रैमी पुरस्कार और टोनी पुरस्कार सब जीता है। जी हाँ, ज़िन्दगी में इतनी सफलता और शोहरत हासिल करने वाली यह महिला डिस्लेक्सिया प्रभावित है और विद्यालय में इन्हें बेवक़ूफ़ कह कर इनका बहुत मज़ाक उड़ाया जाता था। व्हूपी को स्कूल छोड़ देने तक भी अपने डिस्लेक्सिक होने का पता अपने नहीं चला था; उन्होंने इसे काफ़ी बाद में जाना।

हेनरी विंकलर

हेनरी एक अमेरिकी अभिनेता, हास्य कलाकार और निर्देशक हैं जो बाद में लेखक भी बने। पढ़ने में होने वाली कठिनाई के कारण वे काम करते हुए भी अक्सर अपनी पटकथा से भटक जाते थे। हेनरी ने बच्चों के लिए डिस्लेक्सिया के विषय में एक किताब लिखी है। इस किताब में उन्होंने हैंक जिप्ज़र की कहानी बताई है जिसे उन्होंने दुनिया का सबसे महान अंडरअचीवर बताया है।

रिचर्ड ब्रैनसन

क्या आपने वर्जिन ग्रुप का नाम सुना है? विभिन्न क्षेत्रों की 400 से अधिक कंपनियों को नियंत्रित करने वाले वर्जिन ग्रुप के संस्थापक सर रिचर्ड ब्रैनसन भी डिस्लेक्सिया प्रभावित हैं। यहाँ तक कि वे अपनी सफलताओं का श्रेय भी डिस्लेक्सिया और अपने सोचने के अलग तरीके को देते हैं। रिचर्ड को ब्रिटेन की महारानी द्वारा नाइटहुड की उपाधि से सम्मानित किया गया था।

जेमी ओलिवर

जेमी एक सुप्रसिद्ध शेफ हैं जिन्होंने अपनी पाक कला के जूनून से अपना एक साम्राज्य स्थापित कर लिया है। जेमी ने कई खूब बिकने वाली पाक-कला की पुस्तकें लिखी हैं, टी.वी. के कार्यक्रमों में निमंत्रित हुए हैं और उनके नाम पर कई रेस्तरां और कुकवेयर भी हैं। एक साक्षात्कार में जेमी ने कहा था कि डिस्लेक्सिया के कारण वे पढ़ने में असमर्थ थे जिसके कारण 38 वर्ष की आयु तक में उन्होंने एक भी पुस्तक पूरी नहीं पढ़ी थी।

हृतिक रोशन

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता, हृतिक रोशन, जिन्हें उनके बेहतरीन नृत्य के लिए जाना जाता है डिस्लेक्सिया से प्रभावित हैं। एक ऐसा भी वक़्त था जब वे ठीक से किसी से बात भी नहीं कर पाते थे। छः साल की उम्र से इन्हें स्पीच थेरेपी जैसी प्रक्रियाओं से लगातार गुज़रना पड़ा ताकि वे अक्षरों और शब्दों से जुड़ी ध्वनियों को समझ पाएँ और उनका उचित प्रयोग कर पाएँ।

मैगी एडरिन पोकॉक

मैगी एक ब्रिटिश अंतरिक्ष वैज्ञानिक और अंतरिक्ष विज्ञान की शिक्षिका हैं। वे यूनिवर्सिटी कॉलेज, लन्दन के भौतिकी और खगोल विज्ञान विभाग की मानद अनुसंधान सहयोगी भी हैं। भौतिकी और खगोल विज्ञान में अपने कार्यों के लिए उन्होंने कई पुरस्कार भी जीते हैं।

टॉम क्रूज

यह लगभग असंभव है कि आपने टॉम क्रूज़ का नाम न सुना हो। करोड़ों लोग उनके दीवाने हैं। वे विश्व के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले अभिनेताओं में से एक हैं — और उन्हें भी डिस्लेक्सिया है। टॉम के डिस्लेक्सिक होने का पता तब ही चल गया था जब वे 7 वर्ष के थे। सहायता मिलने के बावजूद उनके लिए अक्षरों, शब्दों को पढ़ना और जो पढ़ा उसे याद रखना बहुत मुश्किल लगता था। लेकिन उनकी इस अक्षमता ने उन्हें विश्व प्रसिद्ध अदाकार बनने से नहीं रोका।

स्टीव जॉब्स

क्या आप यह यकीन करेंगे कि एप्पल जैसी बड़ी कंपनी के संस्थापक स्टीव जॉब्स भी एक डिस्लेक्सिक व्यक्ति थे? डिस्लेक्सिक होने के साथ स्टीव में ‘इंटेलेक्चुअल गिफ्टेडनेस’ भी था जो उनकी मानसिक क्षमता को औसत लोगों की तुलना में काफ़ी बढ़ा देता था।

अंत में…

यह एक छोटी-सी सूची थी जो हमें यह समझने में मदद करती है कि डिस्लेक्सिया जैसी स्थिति के बावजूद व्यक्ति ज़िन्दगी में बहुत कुछ कर सकता है और सफलता हासिल कर सकता है। ऊपर बताये गये लोगों के अलावा ऐसा माना जाता है कि लियोनार्डो दा विंची, नेपोलियन, सेंट टेरेसा, वॉल्ट डिज़्नी, विंस्टन चर्चिल, अल्बर्ट आइंस्टीन और थॉमस एडिसन इत्यादि को भी शायद डिस्लेक्सिया हो। हालाँकि 20वीं सदी के अंत तक इस विकार को पूरी तरह समझा नहीं गया था इसलिए उक्त लोगों के जीवनकाल में यह सुनिश्चित नहीं हो पाया कि उन्हें डिस्लेक्सिया है या नहीं। इनका नाम डिस्लेक्सिया के साथ अनुमानतः ही जोड़ा जाता है।

Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments
0
आपकी टिप्पणी की प्रतीक्षा है!x
()
x