famous disabled person in the world Helen Keller

हेलेन केलर के बारे में 12 ऐसी बातें जो कम लोग जानते हैं!

हेलेन केलर के बारे में कौन नहीं जानता? निःसंदेह आप इस असाधारण महिला की कहानी जानते होंगे जिसने दृष्टिहीन और श्रवणहीन होने के बावजूद प्रसिद्धि की ऊँचाइयों को हासिल किया। हेलेन केलर ने जो उपलब्धियाँ हासिल की वे इतने तकनीकी विकास के बाद आज भी किसी दृष्टिहीन और श्रवणहीन व्यक्ति के लिए असंभव-सा ही लगता है। उन्होंने अपनी यह बात सिद्ध कर दी कि यदि व्यक्ति को सही रास्ता मिल जाए और उसमें इच्छाशक्ति हो तो कोई भी बाधा उसे आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती।

आपने हेलेन केलर की कहानी शायद किताबों में पढ़ी हो या उनके बारे में यूँ ही कहीं सोशल मीडिया पर कुछ देख लिया हो — लेकिन ऐसी कई बातें हैं जो शायद आपको अभी भी मालूम न हो। हमने हेलेन केलर की ज़िन्दगी की कहानियों को गहराई से पढ़ा और आपके लिए लेकर आये हैं कुछ ऐसे तथ्य जो आमतौर पर लोगों को मालूम नहीं हैं।

हेलेन केलर लगभग पूरी दुनिया घूमी थीं

हेलेन केलर का नाम तो पूरी दुनिया में फैला ही है लेकिन क्या आपको मालूम है कि उन्होंने खुद भी लगभग पूरी दुनिया घूमी थी?

हेलन केलर अपने जीवनकाल में ही प्रसिद्ध हो चुकी थीं और उन्हें अलग-अलग देशों से निमंत्रण मिलते थे। उन्होंने 5 महाद्वीपों में 39 देशों का दौरा किया था। बहुत से विदेशी दौरों पर उन्होंने बड़ी संख्या में लोगों को संबोधित किया और विकलांगजन के अधिकारों की वकालत की।

हेलेन केलर की दोस्ती अपने वक़्त के कई प्रसिद्ध व्यक्तियों के साथ थीं

हेलेन केलर अपने जीवनकाल में कई प्रसिद्ध नेताओं, वैज्ञानिकों, लेखकों और अभिनेताओं से मिली। लेखक मार्क ट्वेन और वैज्ञानिक ऐलेक्ज़ेन्डर ग्राहम बेल उनके काफ़ी अच्छे दोस्त हुआ करते थे, हालाँकि दोनों ही उम्र में उनसे काफ़ी बड़े थे।

वे ग्रोवर क्लीवलैंड से लेकर लिंडन बी. जॉनसन तक हर अमेरिकी राष्ट्रपति से मिलीं। इसके अलावा उन्होंने कई देशों के राजाओं, रानियों, राष्ट्रपतियों व प्रधानमंत्रियों से भी मुलाकात की। उनके पास मूक फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता चार्ली चैपलिन के साथ भी एक तस्वीर थी।

हेलेन ने दर्ज़न भर किताबें लिखी थीं

शायद आप जानते होंगे कि हेलेन ने ‘द स्टोरी ऑफ़ माय लाइफ’ नाम से अपनी जीवनी लिखी थी, जो आज भी काफ़ी प्रसिद्ध है। लेकिन, यह एकमात्र किताब नहीं थी जो उन्होंने लिखी।

हेलेन केलर ने कुल 12 किताबें लिखी हैं जो नामी प्रकाशकों द्वारा प्रकाशित भी की गयीं थीं।

हेलेन केलर अपने विचारों को लेकर काफ़ी मुखर थीं

हेलेन केलर राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय रखती थीं और उन्हें दो-टूक शब्दों में साझा करने से भी नहीं चूकती थीं। ऐसा कहा जाता है कि उनके राजनीतिक विचारों के कारण उन्हें लम्बे समय तक एफ.बी.आई. की निगरानी में भी रहना पड़ा था।

वे ऐसे अनेक विषयों पर अपनी बात खुल कर रखती थीं जो उस वक़्त विवादास्पद हुआ करते थे। द्वितीय विश्वयुद्ध के समय नाज़ियों के द्वारा उनकी किताबों को जलाया भी गया था।

ब्रेल लिपि के मानकीकरण में हेलेन का योगदान रहा

हेलेन केलर जिस दौरान पढ़ाई कर रही थीं उस वक़्त उभरे हुए बिन्दुओं की कम-से-कम पाँच तरह की लिपियाँ प्रयोग की जा रही थीं।

उन्होंने पहली बार गठित हुए ‘वर्ल्ड काउंसिल फॉर द ब्लाइंड’ में काम किया और ब्रेल के मानकीकरण में अपना भरपूर योगदान दिया। 1918 में ब्रेल लिपि का मानकीकरण हुआ जिसके कारण पूरे विश्व में इस लिपि को एक ही तरीके से इस्तेमाल करना संभव हो पाया।

हेलेन केलर ने सगाई की थी

हेलेन जिस व्यक्ति से प्यार करती थीं उससे उन्होंने गुपचुप तरीके से सगाई कर ली लेकिन उन्हें विवाह नहीं करने दिया गया।

हेलेन जब 36 वर्ष की थीं तब उन्हें पीटर फगन नाम के व्यक्ति से प्यार हुआ जो उस वक़्त अस्थाई रूप से उनके सेक्रेटरी का काम कर रहे थे। दोनों ने बग़ैर किसी को बताए चुपके से सगाई कर ली। जब हेलेन के परिवार को यह मालूम हुआ तो उन्होंने दोनों को शादी करने से रोक दिया। बाद में हेलेन को यह पछतावा भी रहा कि उन्होंने कभी शादी नहीं की।

हेलेन केलर कई बार विवादों में घिरी थीं

हेलेन केलर समाजवाद की पुरजोर समर्थक थीं। यह तो सभी जानते हैं कि वे विकलांगजन के अधिकारों के लिए वकालत किया करती थीं लेकिन वे सिर्फ़ विकलांगजन के ही हक़ की बात नहीं करती थी।

वे औद्योगिक श्रमिकों के अधिकारों की बात करती थीं और महिलाओं के लिए जन्म-नियंत्रण अधिकार की भी सिफ़ारिश करती थीं। इन विषयों पर लिख कर उन्होंने कई बार कई बड़े विवाद भी खड़े किये थे। इतना ही नहीं, वे अंतिम न्याय के दिन यीशु के पुनर्जन्म के बारे में लिख कर भी बड़े विवाद में घिरी थीं।

हेलेन केलर – दुनिया का आठवाँ अजूबा

हेलेन और उनकी शिक्षिका ऐनी सुलिवन जगह-जगह व्याख्यान देते थे, लिखने का भी काम करते थे लेकिन इससे होने वाली कमाई उनके लिए पर्याप्त नहीं थी।

इस कारण 1920 के दशक में क़रीब 4 साल तक उन्होंने वाडेविल सर्किट (एक तरह का थियेटर मनोरंजन) में काम किया जहाँ हेलेन को दुनिया के आठवें अजूबे की तरह पेश किया जाता था। उन्हें ‘खुशी और आशावाद का सबसे चमकीला सितारा’ के रूप में भी दिखाया जाता था।

अमेरिका में अकिता नस्ल का कुत्ता हेलेन केलर द्वारा ही लाया गया था

हेलन की जापान यात्रा के दौरान उन्हें अकिता नस्ल का एक कुत्ता उपहार में मिला था। यह कुत्ता उन्हें एक जापानी पुलिस अधिकारी ने दिया था। हेलन इस कुत्ते को वे अपने साथ अमेरिका ले गईं।

अमेरिका आकर इस जापानी नस्ल के कुत्ते की जल्द ही मौत हो गयी। इस पर जापान सरकार ने उन्हें दोबारा वैसा ही कुत्ता भेंट किया। वे पहली इंसान थीं जिन्होंने अमेरिका में इस नस्ल के कुत्ते को पाला था।

हेलेन केलर पर साहित्यिक चोरी का आरोप लगा था

हेलेन की पहली किताब ‘द फ्रॉस्ट किंग’ शीर्षक से लोगों के सामने आई। यह एक काल्पनिक कहानी थी। इस किताब के विमोचन होते ही हेलेन और उनकी शिक्षिका विवादों में घिर गए क्योंकि इस किताब को साहित्यिक चोरी के रूप में देखा जा रहा था।

उन पर आरोप था कि उन्होंने मार्गरेट कैनबी की किताब फ्रॉस्ट फेयरीज़ से कहानी चोरी की है। हेलेन ने कहा कि उन्होंने जानबूझ कर कहानी चोरी नहीं की है और इसके बाद कभी उन्होंने कोई काल्पनिक कहानी लिखने की कोशिश नहीं की।

हेलेन यूजीनिक्स की समर्थक थीं

यह बात चौंकाने वाली हो सकती है लेकिन हेलेन उस वक़्त प्रचारित ‘यूजीनिक्स’ की समर्थक थीं जिसके अंतर्गत आनुवांशिक रूप से स्वस्थ लोगों को ही बच्चे पैदा करने का हक़ होता। इससे बीमारियों, विकलांगताओं और मानव जाति के तथाकथित अवांछनीय लक्षणों को हटाया जा सके। इसके लिये जबरन नसबंदी का प्रावधान भी सुझाया जाता था।

हेलन केलर इस पक्ष में थीं कि गंभीर शारीरिक या मानसिक स्थितियों के साथ पैदा हुए बच्चों को जीवन रक्षक दवाइयाँ नहीं दी जानी चाहिए। उनका मानना था कि इन बच्चों का जीवन जीने लायक नहीं है और यदि वे बच्चे बड़े होते हैं तो उनके अपराधी बनने का ख़तरा अधिक है।

हेलेन केलर ऑस्कर अवार्ड विजेता थीं

आप कहेंगे कि हेलेन केलर अभिनेत्री तो नहीं थीं – फिर उन्हें ऑस्कर कैसे मिल सकता है! बात दरअसल यह है कि उनके जीवन पर बनी डॉक्यूमेंट्री ‘हेलेन केलर’ में उन्होंने अपना ही किरदार निभाया था और इसी के लिए उन्हें ऑस्कर से सम्मानित किया गया था।

Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments
0
आपकी टिप्पणी की प्रतीक्षा है!x
()
x